बस्तर में बाढ़ का असर: प्रभावित विद्यार्थियों की तिमाही परीक्षा टलेगी

बस्तर में बाढ़ का असर: प्रभावित विद्यार्थियों की तिमाही परीक्षा टलेगी, राहत सामग्री बांटेगा निजी स्कूल संगठन
जगदलपुर। बस्तर जिले में हो रही मूसलाधार बारिश और बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए निजी स्कूल प्रबंधकीय संगठन ने छात्रहित में बड़ा फैसला लिया है। जिन विद्यालयों में वर्तमान में तिमाही परीक्षाएं चल रही हैं, वहां बाढ़ प्रभावित विद्यार्थियों को परीक्षा से राहत दी जाएगी और उनके लिए परीक्षा की तिथियां आगे बढ़ाई जाएंगी।
निजी स्कूल प्रबंधकीय संगठन को लगातार अभिभावकों से सूचनाएं मिल रही हैं कि जलभराव के कारण बच्चों की कॉपी-किताबें पूरी तरह से जलमग्न और नष्ट हो गई हैं। विशेष रूप से इंद्रावती नदी के तटीय ग्रामीण इलाकों से यह संदेश आ रहे हैं कि बाढ़ के पानी में अध्ययन सामग्री बह गई है और कई परिवार राहत शिविरों में शरण लेने को मजबूर हैं।
संगठन ने स्पष्ट किया है कि ऐसी आपदा की स्थिति में बच्चों पर परीक्षा देने के लिए कोई मानसिक दबाव न बनाया जाए। जो विद्यार्थी परीक्षा देने की सामान्य स्थिति में हैं, उनकी परीक्षाएं यथावत संचालित की जा सकती हैं। वहीं प्रभावित बच्चों के लिए परीक्षा की समय-सारणी में परिवर्तन कर उन्हें छूट प्रदान की जाएगी।
बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आया संगठन
निजी स्कूल प्रबंधकीय संगठन ने केवल परीक्षाओं में राहत ही नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकार निभाने का भी निर्णय लिया है। संगठन जल्द ही कार्यकारिणी की बैठक बुलाकर प्रभावित विद्यार्थियों और परिवारों तक त्वरित सहायता सामग्री पहुंचाने का खाका तैयार करेगा।
संगठन के सचिव नीलोत्पल दत्त ने बताया कि गत वर्ष भी लोहांडीगुड़ा क्षेत्र में आई भीषण बाढ़ के दौरान निजी स्कूल संगठन ने बढ़-चढ़कर राहत सामग्री बांटी थी। ठीक उसी तर्ज पर इस बार भी जल्द ही व्यापक राहत और सहायता गतिविधियां शुरू की जाएंगी।
बाढ़ ने मार्कशीट, राशन कार्ड, जमीन सम्बन्धी दस्तावेजों समेत अन्य प्रमुख डाक्यूमेंट्स को लील लिया है. इस मामले में उचित पहल किए जाने की दरकार पूर्व विधायक ने की है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *