बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बस्तर पुलिस का राहत-बचाव अभियान जारी, 500 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बस्तर पुलिस का राहत-बचाव अभियान जारी, 500 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला

जगदलपुर, 27 सितंबर 2026। चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण जगदलपुर शहर सहित बस्तर जिले के कई इलाकों में जलभराव और बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। लगातार बारिश से इंद्रावती नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। नदी किनारे और निचले इलाकों में प्रशासन एवं पुलिस द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

स्थिति को देखते हुए बस्तर पुलिस, SDRF, DRG और स्थानीय पुलिस की टीमें लगातार राहत एवं बचाव अभियान में जुटी हैं। संवेदनशील और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती कर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।

गोरिया बहार नाला, छेपड़ा गुड़ा, डोंगाघाट, तामाकोनी, आसना, धरमपुरा, पथरागुड़ा, पनारापारा, महादेव घाट, खड़क घाट, पुराना पुल, बस्तर थाना क्षेत्र, आनंद ढाबा और नगरनार सहित कई इलाकों में बचाव दल लगातार निगरानी कर रहे हैं। बोड़ना और इंद्रावती नदी के आसपास के निचले क्षेत्रों में भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

डोंगाघाट क्षेत्र में अब तक 500 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। वहीं नगरनार क्षेत्र में बोड़ना नदी के बाढ़ के पानी में फंसे करीब 40 लोगों को नाव की मदद से सुरक्षित निकालकर राहत शिविर पहुंचाया गया। अन्य प्रभावित इलाकों में भी परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कार्रवाई जारी है।

जिला प्रशासन द्वारा संचालित राहत शिविरों में प्रभावित लोगों के लिए भोजन, पेयजल, ठहरने और प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। कई राहत शिविरों में सैकड़ों लोगों को सुरक्षित आश्रय दिया गया है।

बाढ़ की स्थिति को देखते हुए पुलिस द्वारा नदी, नालों, पुल-पुलियों और जलमग्न मार्गों पर बैरिकेडिंग, पेट्रोलिंग और लगातार समझाइश दी जा रही है। पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि जलभराव वाले मार्गों और नदी-नालों के आसपास अनावश्यक रूप से न जाएं। राहत एवं बचाव दल स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *