बस्तर में गरिमामय माहौल में मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया ध्वजारोहण, परेड की ली सलामी

जगदलपुर, 15 अगस्त 2026। ऐतिहासिक लालबाग मैदान में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के माहौल में मनाया गया। जिला स्तरीय समारोह में मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जनता के नाम संदेश पढ़कर सुनाया।

समारोह में 16 प्लाटूनों ने आकर्षक मार्चपास्ट किया। शस्त्र सहित दलों में सीआरपीएफ 241वीं महिला बटालियन सेड़वा ने प्रथम, सीआरपीएफ 80वीं पुरुष बटालियन जगदलपुर ने द्वितीय तथा जिला नगर सेना महिला बल बस्तर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। शस्त्र रहित वर्ग में एनसीसी पीएम श्री सेजेस जूनियर डिवीजन, धरमपुरा प्रथम, पीजी कॉलेज धरमपुरा-02 द्वितीय और एनसीसी सेजेस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 की जूनियर विंग तृतीय रही।

उप मुख्यमंत्री ने नक्सल हिंसा में शहीद जवानों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें शाल-श्रीफल से सम्मानित किया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।

समारोह में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक प्रतियोगिता में माता रुक्मणी कन्या आश्रम डिमरापाल ने प्रथम, संस्कार द गुरुकुल चिड़ईपदर ने द्वितीय और निर्मल हायर सेकेंडरी स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *