प्रभावित स्थलों पर जारी सुधार एवं मरम्मत कार्यों का लिया जायजा
नारायणपुर, 02 अगस्त . जिले में एक ही दिन में 450 मिलीमीटर से अधिक वर्षा होने के कारण विभिन्न क्षेत्रों में सड़कों, पुल-पुलियों एवं अप्रोच मार्गों के कुछ हिस्से प्रभावित हुए हैं। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन के विभागों द्वारा आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई। कलेक्टर नम्रता जैन ने प्रभावित स्थलों का निरीक्षण कर वहां जारी सुधार एवं मरम्मत कार्यों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 130डी के नारायणपुर–कुतुल मार्ग के किलोमीटर 49.560 पर स्थित बृहत पुल के डायवर्सन स्थल का निरीक्षण किया। अत्यधिक वर्षा एवं तेज जलप्रवाह के कारण प्रभावित हुए डायवर्सन स्थल पर राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग द्वारा आवश्यक सुधार एवं पुनर्स्थापन कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। कलेक्टर ने मौके पर पहुंचकर कार्यों की प्रगति की जानकारी ली तथा उपलब्ध मशीनरी एवं संसाधनों का समुचित उपयोग करते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
जिले के अन्य स्थानों पर भी अतिवृष्टि के कारण सड़कों, पुल-पुलियों एवं अप्रोच मार्गों के प्रभावित हिस्सों में संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक सुधार एवं मरम्मत कार्य जारी हैं।
कलेक्टर नम्रता जैन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रभावित स्थलों पर सुधार एवं मरम्मत कार्य प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, संवेदनशील स्थलों की निरंतर निगरानी रखने तथा वर्षा की स्थिति को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिला प्रशासन द्वारा अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों की सतत निगरानी की जा रही है। संबंधित विभागों द्वारा सभी प्रभावित स्थलों पर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई एवं मरम्मत कार्य तेजी से जारी हैं, ताकि परिस्थितियों को शीघ्र सामान्य किया जा सके और आवागमन व्यवस्था सुचारु बनी रहे। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल, अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मंडावी, तहसीलदार सौरभ चौरसिया सहित विभागीय अधिकारी मौजूद थे।
