बीजापुर। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और बाढ़ जैसे हालात के बीच नगरसेना (होमगार्ड) की टीम ने मानवता और साहस का परिचय देते हुए ग्राम रेड्डी की एक महिला तथा उसकी बीमार बच्ची को उफनते जलमार्ग से सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
जिले में लगातार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे कई ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क प्रभावित हुआ है। जिला प्रशासन के निर्देश पर नगरसेना की टीम बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्य में लगातार जुटी हुई है।
प्रशासन के अनुसार नगरसेना के जवान जोखिम उठाकर प्रभावित ग्रामीणों और मरीजों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचा रहे हैं। इसी क्रम में ग्राम रेड्डी की एक महिला और उसकी बीमार बच्ची को सुरक्षित रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे उन्हें समय पर उपचार मिल सका।
नगरसेना की टीम 24 घंटे राहत एवं बचाव कार्य के लिए तैनात है तथा जरूरत पड़ने पर ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने, मरीजों को अस्पताल ले जाने और आपदा की स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध करा रही है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बारिश के दौरान उफनते नदी-नालों को पार करने का प्रयास न करें तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन और नगरसेना से संपर्क कर सहायता प्राप्त करें। प्रशासन ने कहा कि जिले की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और राहत एवं बचाव दल पूरी सतर्कता के साथ कार्य कर रहे हैं।