ग्रामीणों ने सीखी कचरा प्रबंधन की तकनीक, ली हरित शपथ

जगदलपुर, 06 जून . विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार 05 जून को जिले के जगदलपुर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत बुरुन्दवाड़ा एवं बिलोरी में पर्यावरण चेतना की एक नई अलख जगाई गई। इस विशेष अवसर पर दोनों ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया, जिसका मुख्य केंद्र “स्वच्छ गांव, सुरक्षित जलवायु” अभियान रहा। कार्यक्रम में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने मिलकर अपने गांवों को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण-अनुकूल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
ग्राम सभा के दौरान ‘स्वच्छ गांव, सुरक्षित जलवायु’ अभियान के मूल उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए केंद्र सरकार के नवीनतम सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स 2026 के प्रावधानों के बारे में ग्रामीणों को जागरूक किया गया। वक्ताओं ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि पर्यावरण का सीधा संबंध हमारे स्वास्थ्य से है, इसलिए गांव के हर नागरिक को कचरा प्रबंधन के प्रति गंभीर होना होगा। ग्रामीणों को केवल सैद्धांतिक जानकारी देने के बजाय व्यावहारिक रूप से कचरा प्रबंधन सिखाने के लिए एक विशेष प्रदर्शन भी आयोजित किया गया। इस प्रदर्शन के माध्यम से कचरों को चार अलग-अलग श्रेणियों—गीला कचरा, सूखा कचरा, घरेलू कचरा एवं सैनिटरी कचरा—में बांटने और उनके उचित निस्तारण का तरीका सिखाया गया। इसके साथ ही समूचे क्षेत्र को “प्लास्टिक मुक्त गांव” बनाने के लिए सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के पूर्ण रूप से उपयोग नहीं करने की पुरजोर अपील की गई।
इस विशेष अवसर पर केवल चर्चा ही नहीं की गई, बल्कि धरातल पर भी पर्यावरण सुधार के ठोस कदम उठाए गए। दोनों पंचायतों के विभिन्न सार्वजनिक परिसरों में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम के समापन पर एक बेहद भावुक और प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला, जब उपस्थित सभी ग्रामीणों, पंच-सरपंचों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने एक साथ हाथ उठाकर स्वच्छता, हरित पर्यावरण एवं जलवायु संरक्षण की सामूहिक शपथ ली। ग्रामीणों ने दृढ़ संकल्प व्यक्त किया कि वे न केवल अपने घर-आंगन को साफ रखेंगे, बल्कि धरती को हरा-भरा बनाने में भी अपना निरंतर योगदान देंगे।