कुशल प्रशासनिक कार्यशैली और अनुभव की मिसाल पेश किए डिप्टी कमिश्नर श्री बीएस सिदार-कमिश्नर श्री डोमन सिंह
जगदलपुर,29 मई 2026/ डिप्टी कमिश्नर श्री बीएस सिदार के शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त होने पर आयोजित विदाई समारोह में कमिश्नर बस्तर संभाग श्री डोमन सिंह ने शासकीय सेवा में उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि श्री सिदार ने अपने अनुभव और कार्यकुशलता के साथ प्रत्येक जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों और चुनौतीपूर्ण कार्यों को बेहतर ढंग से संपन्न कर श्री सिदार ने अपने प्रशासनिक गुणों और क्षमता को साबित किया है।
कमिश्नर ने कहा कि श्री सिदार ने शासकीय सेवा के दौरान सदैव निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करते हुए प्रशासनिक एवं कार्यालयीन व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका अनुभव और सहज एवं शांत कार्यशैली अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत रही है। उन्होंने श्री सिदार के स्वस्थ, दीर्घायु और सुखमय पारीवारिक जीवन की कामना करते हुए उन्हें अपने अनुभव का लाभ समाज को प्रदान करने कहा।
इस मौके पर डिप्टी कमिश्नर श्री बीएस सिदार ने अपने दीर्घ शासकीय सेवा के अनुभवों को रेखांकित करते हुए कहा कि विभिन्न पदों पर कार्य करने के दौरान उच्चाधिकारियों से काफी सीखने का अवसर मिला, साथ ही अन्य अधिकारी-कर्मचारियों का समन्वित सहयोग के फलस्वरूप हरेक शासकीय दायित्वों के निर्वहन में अमूल्य साबित हुआ।उन्होंने बस्तर के कार्य करने के अवसर को सबसे ज्यादा स्मरणीय निरूपित करते हुए सभी के सहयोग के लिए आभार जताया ।
विदाई समारोह में कमिश्नर श्री डोमन सिंह ने श्री बीएस सिदार को पेंशन प्राधिकार पत्र सहित भविष्य निधि भुगतान प्राधिकार पत्र और शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। साथ ही कमिश्नर कार्यालय परिवार की ओर से स्मृति चिह्न प्रदान किया गया। आरंभ में सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों ने श्री बीएस सिदार को पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया । इस अवसर पर सयुंक्त संचालक कोष, लेखा एवं पेंशन श्री कमलेश रायस्त,वरिष्ठ निज सहायक श्री हरेन्द्र जोशी और अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने डिप्टी कमिश्नर श्री बीएस सिदार के सेवाकाल को याद करते हुए उनके योगदान की प्रशंसा की तथा उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घ जीवन की कामना करते हुए भावभीनी विदाई दी। इस मौके पर कमिश्नर कार्यालय सहित कोष, लेखा एवं पेंशन, जनसम्पर्क विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा और छत्तीसगढ़ ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।