जल संरक्षण के लिए ककालगुर की ‘महिला जल वाहिनी’ ने उठाई जिम्मेदारी, पोषण पखवाड़े में स्वच्छता और सुरक्षा का दिया संदेश

जगदलपुर, 19 अप्रैल . जल जीवन मिशन और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायत ककालगुर के आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित पोषण पखवाड़ा इस बार जल संरक्षण की नई इबारत लिख गया। शुक्रवार 17 अप्रैल को आयोजित इस कार्यक्रम में न केवल पोषण पर चर्चा हुई, बल्कि जल संरक्षण के अभियान में ‘महिला जल वाहिनी’ की सक्रिय सहभागिता ने इसे एक नई मुहिम का रूप दे दिया। कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता फूलो पोडियामी ने ताजे भोजन और रेडी-टू-ईट फूड के माध्यम से पोषण का महत्व समझाया, वहीं गांव की जागरूक महिलाओं ने जल वाहिनी के रूप में अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए घर-घर तक स्वच्छ जल और जल संरक्षण का संदेश पहुँचाने का बीड़ा उठाया।

आयोजन में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित आईईसी परियोजना समन्वयक श्रीमती ज्योत्सना सूना ने ‘महिला जल वाहिनी’ के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें जल प्रबंधन की धुरी बताया। उन्होंने “स्वच्छ जल व स्वच्छता के साथ” विषय को विस्तार से समझाते हुए कहा कि जब महिलाएं जल की सुरक्षा और शुद्धता का जिम्मा संभालती हैं, तो पूरे गांव का स्वास्थ्य सुरक्षित होता है। श्रीमती सूना ने जल वाहिनी के सदस्यों को प्रोत्साहित किया कि वे सोख्ता गड्ढा बनाने की तकनीक को घर-घर तक पहुँचाएं ताकि जल स्रोतों का पुनर्भरण हो सके और पानी की एक-एक बूंद का सदुपयोग सुनिश्चित किया जा सके।

कार्यक्रम के इस विशेष सत्र में महिला जल वाहिनी के नेतृत्व में उपस्थित पंचों, ग्रामीणों और स्वास्थ्य विभाग के स्वास्थ्य कार्यकर्ता पानी बचाने और पर्यावरण संरक्षण की शपथ ग्रहण की। जल वाहिनी की महिलाओं ने संकल्प लिया कि वे गांव के हर नल और जल स्रोत की निगरानी करेंगी ताकि मिशन के उद्देश्यों को धरातल पर उतारा जा सके। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं और बच्चों ने पोषण आहार के साथ-साथ स्वच्छ पेयजल अपनाने का संकल्प लिया, जिससे यह आयोजन महिला सशक्तिकरण और सामुदायिक स्वास्थ्य का एक उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *