हम हक की लड़ाई लड़ना सिखाते रहेंगे-लखेश्वर बघेल

जगदलपुर । जिला मुख्यालय से लगभग 84 किमी दूर बकावंड विकासखंड के सुदूर ग्राम चारगांव तारेका से 29 मार्च को निकली कांग्रेस की पदयात्रा पहली अप्रैल को विशाल स्वरुप में जिला मुख्यालय पहुंची। पदयात्रा में बड़ी संख्या में पंच सरपंच सहित आम लोग भी शामिल हुए। बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल, पूर्व विधायक रेखचन्द जैन व चंदन कश्यप के नेतृत्व में बुधवार को हाइवे पर बसे कुदालगांव से यात्रा जिला मुख्यालय के लालबाग मैदान पहुंची, जहां शहर के कांग्रेसी भी बड़ी संख्या में एकत्रित हुए। यहां से लगभग पांच किमी की लंबी रैली में कलेक्टोरेट तक मार्च किया गया।

भरी दोपहरी में दिन के करीब एक बजे चिलचिलाती धूप में आगे नाचा पार्टी, पुरुषों के कांधों पर मटके के कांवर, महिलाओं के सिर पर गगरी, बैनर और सैकड़ों हाथों में तख्तियां लेकर जब यह रैली लालबाग से कोतवाली होते हुए मेन रोड, पैलेस रोड गुरु गोविंद सिंह चौक से गुजरते हुए कलेक्टोरेट के लिए गुजरी तो यह आमलोगों के लिए भी चर्चा का विषय रहा कि विकास के चाहे दावे कितने हों पर ग्रामीण आज भी साफ पानी और अपने बुनियादी हक़ के लिए जूझ रहे हैं। कलेक्टोरेट का घेराव कर नेतृत्वकर्ताओं द्वारा राज्यपाल के नाम का ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर को सौंपा। ज्ञापन सौंपने के बाद सभी घर वापसी के लिए लालबाग मैदान में एकत्र हुए, जहाँ आभार प्रदर्शन में विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष एवं बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल ने कहा चुप बैठने से काम नहीं चलेगा कि जब तक सांस चल रही है हमे अपने हक़ के लिए आवाज बुलंद करने, आगे आने और लड़ना पड़ेगा और भावी पीढ़ी को लड़ना सिखाना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *