जगदलपुर, 12 मार्च कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने छोटे देवडा धान संग्रहण केंद्र का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। गुरुवार को कलेक्टर बकावंड विकासखंड के निरीक्षण दौरे पर रहे इस दौरान उन्होंने केंद्र की भंडारण क्षमता के अनुसार मिलर्स के माध्यम से धान का उठाव धीरे-धीरे सुनिश्चित कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही संग्रहण केंद्र से धान की शॉर्टेज होने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए ऐसी स्थिति पाए जाने पर आवश्यक कार्यवाही करने की चेतावनी भी दी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने धान के स्टेक को निर्धारित स्टेक प्लानिंग के अनुसार व्यवस्थित तरीके से रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्टेक के आसपास समय-समय पर कीटनाशक दवाइयों का छिड़काव करने तथा बदलते मौसम को ध्यान में रखते हुए धान को तिरपाल से ढंककर सुरक्षित रखने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने संग्रहण केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री प्रतीक जैन, सहायक कलेक्टर श्री विपिन दुबे, तहसीलदार जागेश्वरी, डीएमओ नान श्री राजेन्द्र ध्रुव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।