जगदलपुर, 2 मार्च . बस्तर की धरती अब बदलाव की एक नई पदचाप सुनने को तैयार है। रविवार 22 मार्च को आयोजित होने वाली ‘बस्तर हेरिटेज मैराथन 2026’ न केवल खेल प्रेमियों के लिए एक मंच बनेगी, बल्कि यह पूरे क्षेत्र की नई और सकारात्मक पहचान को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने का एक महा-अभियान भी साबित होगी। कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने इस गौरवशाली आयोजन को लेकर जिलेवासियों सहित समूचे क्षेत्र के नागरिकों से भावुक अपील करते हुए कहा है कि वे इस मैराथन में अपनी अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करें।
कलेक्टर श्री छिकारा ने बस्तर हेरिटेज मैराथन आयोजन के उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा करते हुए बताया कि केंद्र सरकार के ‘फिट इंडिया कैंपेन’ के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना इस मैराथन का एक प्रमुख लक्ष्य है। प्रशासन का ध्येय है कि बस्तर को ऊर्जा, सकारात्मकता और अटूट एकजुटता के प्रतीक के रूप में राष्ट्रीय मानचित्र पर गौरवान्वित किया जाए। कलेक्टर श्री छिकारा ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे न केवल स्वयं इस दौड़ के लिए पंजीयन कराएं, बल्कि अपने आसपास के लोगों, मित्रों और परिजनों को भी इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जितनी बड़ी भागीदारी होगी, बस्तर की एकजुटता का संदेश उतना ही सशक्त होकर उभरेगा। जगदलपुर में आगामी 22 मार्च को होने वाली इस दौड़ का मूल मंत्र ‘स्वस्थ बस्तर, शांतिपूर्ण बस्तर और सशक्त बस्तर’ रखा गया है, जो यहाँ के सामाजिक और आर्थिक परिवर्तन की दिशा को दर्शाता है। इस ऐतिहासिक पहल का हिस्सा बनने के लिए प्रतिभागी आधिकारिक वेबसाइट www.bastarheritage.run पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।