बंदूक छोड़ अब थामेंगे स्टीयरिंग

नारायणपुर, 24 . फरवरी नारायणपुर जिले में शांति, पुनर्वास और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिला प्रशासन ने आत्मसमर्पित युवाओं के लिए नई राहें खोल दी हैं। कलेक्टर नम्रता जैन के मार्गदर्शन में ‘बंदूक छोड़ अब थामेंगे स्टीयरिंग’ के संकल्प के साथ जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज के पुनर्वास केंद्र में टैक्सी ड्राइवर (व्यावसायिक वाहन चालक) प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया है। यह पहल भटकाव का रास्ता छोड़ मुख्यधारा में लौटे युवाओं को सम्मानजनक आजीविका उपलब्ध कराने और उन्हें स्वावलंबी बनाने का एक सशक्त प्रयास है। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य इन युवाओं को केवल हुनरमंद बनाना ही नहीं, बल्कि उन्हें सामाजिक स्वीकार्यता और स्थायी रोजगार से जोड़ना भी है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागियों को सुरक्षित और अनुशासित वाहन संचालन के साथ-साथ यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा मानकों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। युवाओं को व्यावसायिक ड्राइविंग व्यवहार, ग्राहक सेवा कौशल और वाहन के प्राथमिक तकनीकी रखरखाव की भी व्यावहारिक समझ दी जा रही है ताकि वे किसी भी आपातकालीन स्थिति में जिम्मेदारी के साथ वाहन संभाल सकें। यह पूरा प्रशिक्षण पूरी तरह प्रायोगिक (Practical) है, जिससे युवाओं में आत्मविश्वास और कार्य-दक्षता का सही विकास हो सके।
प्रशासन द्वारा इन प्रशिक्षित युवाओं को टैक्सी संचालन, निजी वाहन चालक, ट्रैवल एजेंसी और परिवहन क्षेत्र में रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए एक ठोस कार्ययोजना तैयार की गई है। प्रशिक्षण के अंतर्गत प्रतिभागियों को सुरक्षित एवं अनुशासित वाहन संचालन, यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा मानकों की विस्तृत जानकारी, व्यावसायिक ड्राइविंग व्यवहार, ग्राहक सेवा कौशल, वाहन रखरखाव की प्राथमिक तकनीकी समझ तथा आपातकालीन परिस्थितियों में जिम्मेदार ड्राइविंग का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा हैप्रशिक्षण के तुरंत बाद युवाओं को त्वरित रोजगार या स्वरोजगार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इस कार्यक्रम का संचालन अधिकृत प्रशिक्षण भागीदार ‘ट्रू-वे एजुकेशन सेंटर, नारायणपुर’ द्वारा अनुभवी प्रशिक्षकों के माध्यम से किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *