बस्तर के सातों केंद्रों पर युवाओं का दिखा उत्साह
जगदलपुर, 23 फरवरी. छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2025 रविवार को बस्तर जिले में व्यापक सुरक्षा प्रबंधों और अनुशासित माहौल में सम्पन्न हुई। जगदलपुर शहर के सात प्रमुख शिक्षण संस्थानों को परीक्षा केंद्र बनाया गया था, जहाँ सुबह से ही अभ्यर्थियों की भारी गहमागहमी और उत्साह देखने को मिला। जिले में कुल 2841 पंजीकृत परीक्षार्थियों के लिए व्यवस्था की गई थी, जिसमें से प्रथम पाली की सामान्य अध्ययन की परीक्षा में 2293 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि 548 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली की परीक्षा में बस्तर के युवाओं का खासा उत्साह बरकरार रहा, जहाँ कुल 2170 अभ्यर्थियों ने अपनी किस्मत आजमाई, जबकि इस सत्र में 671 परीक्षार्थी अनुपस्थित दर्ज किए गए।
छत्तीसगढ़ राज्य लोक सेवा आयोग की इस परीक्षा में आंकड़ों के लिहाज से शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सर्वाधिक 426 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, वहीं जगतु माहरा शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 396 परीक्षार्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इसके अतिरिक्त स्वामी विवेकानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल, झाड़ा सिरहा इंजीनियरिंग कॉलेज और अन्य कन्या विद्यालयों में भी बड़ी संख्या में परीक्षार्थी शामिल हुए। प्रशासन ने परीक्षा की निष्पक्षता और शुचिता सुनिश्चित करने के लिए समुचित इंतजाम किए थे, जिसके तहत केंद्रों पर प्रवेश से पूर्व मेटल डिटेक्टर के माध्यम से अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली गई और साइबर सुरक्षा के मद्देनजर जैमर का उपयोग कर तकनीकी गड़बड़ी की हर गुंजाइश को समाप्त कर दिया गया।
परीक्षा के सफल संचालन के लिए उड़नदस्ता दलों ने केंद्रों पर मोर्चा संभाले रखा। आयोग के कड़े निर्देशों के अनुरूप परीक्षार्थी भी नियमों के प्रति सजग दिखे और निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करते हुए हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े और पतले सोल की चप्पलें पहनकर पहुंचे। नियमों की सख्ती का आलम यह रहा कि परीक्षा शुरू होने के 15 मिनट पहले ही केंद्रों के मुख्य द्वार बंद कर दिए गए और देरी से पहुंचने वाले किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से 12 बजे तक शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद, प्रशासन ने दोपहर 3 बजे से शुरू होने वाली द्वितीय पाली यानी योग्यता परीक्षा के लिए भी अपनी मुस्तैदी बनाए रखी।