जगदलपुर, 17 फरवरी प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी चित्रकोट जलप्रपात के समीप में आयोजित होने वाले चित्रकोट महोत्सव की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने अधिकारियों को समय-सीमा बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि महोत्सव में आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर स्वच्छता, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, पार्किंग, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा, संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने और स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल टीम और एम्बुलेंस की व्यवस्था रखने, जबकि पुलिस विभाग को सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर खेल गतिविधियों का आयोजन समय पर प्रारंभ करने के निर्देश दिए ।
कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने मंगलवार को जिला कार्यालय के प्रेरणा सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने शासन के निर्देशानुसार निष्क्रिय और अक्रियाशील खातों की राशि जमा कराने के निर्देश दिए। बैठक में पीएमश्री स्कूल के तहत आवश्यक संसाधनों की प्रगति, बीएसएनएल टॉवर निर्माण हेतु भूमि उपलब्धता तथा शासन के निर्देशानुसार सभी विभागों में लिंक ऑफिसर की नियुक्ति पर कार्यवाही की समीक्षा की। फाइलेरिया मुक्त अभियान के अंतर्गत जिले के सभी विकासखंडों के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर से चर्चा कर लक्ष्य आधारित कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सम्पूर्णता अभियान के तहत विभागीय प्रगति, भूमि आबंटन की स्थिति, रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के आवेदनों की समीक्षा की गई। बैठक में चावल उत्सव की तैयारी, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि अंतर्गत एग्रीस्टैक पंजीयन, आधार सीडिंग एवं संदिग्ध प्रकरणों के सत्यापन की समीक्षा की गई। एसडीएम एवं तहसीलदारों को नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए। मृत एफआरए पट्टाधारकों की सूची अद्यतन करने तथा ई-केवाईसी प्रगति में तेजी लाने को कहा गया। पशुपालन विभाग को कृत्रिम गर्भाधान की स्थिति में अद्यतन प्रगति लाने के निर्देश दिए गए।
स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा में अपार आईडी जनरेशन, स्कूलों में शौचालय निर्माण, समग्र शिक्षा के कार्य, शिक्षक पंजीयन एवं उल्लास कार्यक्रम के सर्वे की प्रगति पर चर्चा की गई। स्वास्थ्य विभाग को आयुष्मान एवं वय-वंदन कार्ड निर्माण, एनपी-एनसीडी स्क्रीनिंग, एनआरसी में कुपोषित बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करने, टीबी नियंत्रण कार्यक्रम के तहत डोर-टू-डोर स्क्रीनिंग तथा जननी सुरक्षा योजना के लंबित प्रकरणों के निराकरण के निर्देश दिए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग के ग्रोथ मॉनिटरिंग डेटा एंट्री, पोषण ट्रैकर में प्रविष्टि, रेडी-टू-ईट निर्माण में स्व-सहायता समूहों की भागीदारी तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के हितग्राहियों के चिन्हांकन की समीक्षा की गई। इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों में शौचालय निर्माण, बच्चों के आधार अपडेट, मुख्यमंत्री जनदर्शन एवं मुख्यमंत्री स्वेच्छा अनुदान प्रकरणों के समय-सीमा में निराकरण, गर्भवती एवं शिशुवती माताओं में एनीमिया जांच सुनिश्चित करने को कहा गया। कलेक्टर श्री छिकारा ने खनिज विभाग से रॉयल्टी क्लियरेंस, निरीक्षण दौरा में प्राप्त समस्याओं के निराकरण तथा जिला कोषालय में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के जीपीएफ प्रकरणों के समयबद्ध निपटान के निर्देश भी दिए। बैठक में राजस्व प्रकरणों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
इसके अतिरिक्त 19 फरवरी को आयोजित होने वाले वय-वंदन कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। लगभग दो हजार हितग्राहियों का लक्ष्य निर्धारित करते हुए आधार एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की कमी दूर कर कार्ड निर्माण की पहल करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को 18 फरवरी को मानसिक स्वास्थ्य एवं 26 फरवरी को ब्लड डोनेशन कैम्प की तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही राजस्व शिविरों के आयोजन, श्रमिकों के राशन कार्ड निर्माण एवं गर्भवती माताओं के आधार अपडेट कर योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री प्रतीक जैन, वन मंडलाधिकारी श्री उत्तम गुप्ता, अपर कलेक्टर श्री सीपी बघेल सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे ।