जगदलपुर , 18 नवम्बर . आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना की सीमाओं से लगे अल्लूरी सीताराम जिले के मारेडुमिल्ली मंडल के घने जंगलों में सुरक्षाबलों ने नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। आज सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच पुलिस को नक्सलियों की मौजूदगी की जानकारी मिली,जिसके बाद एक संयुक्त ऑपरेशन शुरू किया गया। सर्चिंग के दौरान सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच तीव्र फायरिंग हुई, जिसमें कुख्यात और मोस्ट वांटेड नक्सली माड़वी हिड़मा, उसकी पत्नी राजे (राजक्का) समेत कुल छह नक्सली मार गिराए गए।

हिड़मा, जिसे बस्तर का सबसे खतरनाक और रणनीतिक कमांडर माना जाता था, पीपुल्स लिब्रेशन गुरिल्ला आर्मी (PLGA) की बटालियन-1 का प्रमुख था और बाद में वह CPI की केंद्रीय कमेटी का सबसे युवा सदस्य बन गया था। 1981 में सुकमा जिले के पूवर्ति गांव में जन्मे हिड़मा का असली नाम संतोष था और वह बस्तर क्षेत्र से केंद्रीय कमेटी में शामिल होने वाला एकमात्र आदिवासी कैडर था। उसके सिर पर 50 लाख से लेकर 1 करोड़ रुपये तक का इनाम घोषित था। एनकाउंटर में उसकी दूसरी पत्नी राजे भी ढेर हुई है।
हिड़मा बस्तर में हुए 26 से अधिक बड़े नक्सली हमलों का मास्टरमाइंड था। 2013 के झीरम घाटी नरसंहार ने उसे राष्ट्रीय स्तर पर कुख्यात बना दिया था। इसके अलावा 2010 के दंतेवाड़ा हमले में 76 CRPF जवानों की शहादत और 2021 के सुकमा-बीजापुर मुठभेड़ में 22 जवानों की शहादत भी इसी के नेतृत्व में हुए।
छत्तीसगढ़ के डीजीपी अरुण देव गौतम ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि अल्लूरी जिले में हुए इस एनकाउंटर में हिड़मा, उसकी पत्नी और चार अन्य नक्सली ढेर हुए हैं। उन्होंने इसे नक्सल संगठन के लिए एक बड़ा झटका और बस्तर में सुरक्षा बलों की निर्णायक सफलता बताया। बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने भी ऑपरेशन की सफलता की पुष्टि की है।
मारे गए सभी नक्सलियों में 1. Hidma – CC member 2. Madagam Raje w/o Hidma – SZCM 3. Lakmal – DCM 4. Kamlu – PPCM 5. Malla – PPCM 6. Deve – Guard of Hidma वहीं मौके से 2 नग AK 47, 1 नग Revolver, 1 नग Pistol बरामद किया गया है.